राम मंदिर चंदा विवाद पर विधानसभा में घमासान, हंगामे के बीच सदन स्थगित

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन राम मंदिर के चंदे में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत कांग्रेस विधायक कथित चंदा चोरी के पोस्टर लेकर सदन पहुंचे और इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि रामभक्तों की आस्था के साथ धोखा हुआ है और इस मामले पर सदन में चर्चा होनी चाहिए। हालांकि, संसदीय कार्य मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि यह मामला न तो विधानसभा और न ही राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी इसे छत्तीसगढ़ से संबंधित विषय नहीं मानते हुए कांग्रेस का स्थगन प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया।
लगातार हंगामे और नारेबाजी के बीच सदन की कार्यवाही पहले पांच मिनट के लिए स्थगित की गई। दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर भी विवाद जारी रहा। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया था, इसलिए इस मामले पर चर्चा होना जरूरी है। लगातार हंगामे के बाद अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी।
प्रश्नकाल में बीएड-डीएड कॉलेजों का मुद्दा उठा
प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक लता उसेंडी ने कोंडागांव स्थित शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में बीएड और डीएड पाठ्यक्रम शुरू नहीं होने तथा रिक्त पदों का मुद्दा उठाया। उन्होंने नई शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन पर भी सवाल किए।
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने जवाब देते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लागू है। उन्होंने बताया कि बीएड-डीएड कॉलेजों के संबंध में एक टास्क फोर्स बनाई गई है और 13 महाविद्यालयों में इन पाठ्यक्रमों को शुरू करने की संभावना पर काम किया जा रहा है।
तीजन बाई को दी गई श्रद्धांजलि
सत्र की शुरुआत पद्म विभूषण तीजन बाई को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तीजन बाई ने पंडवानी गायन के माध्यम से छत्तीसगढ़ को विश्वभर में पहचान दिलाई और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि तीजन बाई सभी के दिलों के करीब थीं और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सम्मान में सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित की गई।
आज कांग्रेस लाएगी अविश्वास प्रस्ताव
मानसून सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगी। हालांकि विधानसभा में भाजपा के स्पष्ट बहुमत को देखते हुए प्रस्ताव पारित होने की संभावना कम है, लेकिन कांग्रेस इसके जरिए सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विपक्ष के नेताओं के बीच तीखी राजनीतिक बहस होने की संभावना है।

