Follow Us on Our Social Media
ChhattisgarhRaipur

3 लाख से ज्यादा महिलाओं का महतारी वंदन योजना से नाम कटा?

कांग्रेस ने सरकार पर लगाए कई गंभीर आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। योजना की 29वीं किस्त जारी होने के बाद कांग्रेस ने साय सरकार पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस का दावा है कि योजना से 3 लाख से ज्यादा महिलाओं के नाम हटा दिए गए हैं, जबकि सरकार का कहना है कि पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार लाभ दिया जा रहा है।

40 फीसदी पात्र महिलाएं अब भी योजना से बाहर

कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि योजना शुरू होने के बाद भी बड़ी संख्या में पात्र महिलाएं इसका लाभ नहीं ले पा रही हैं। पार्टी के मुताबिक, प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि जब महतारी वंदन योजना शुरू हुई थी, तब 70 लाख से ज्यादा महिलाओं को इसका लाभ मिल रहा था। लेकिन अब 29वीं किस्त में सिर्फ 66 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार हर महीने लाभार्थियों की संख्या कम कर रही है और अब तक 3 लाख से ज्यादा महिलाओं के नाम योजना से हटा दिए गए हैं।आज भी करीब 40 फीसदी पात्र महिलाएं किसी न किसी वजह से योजना से नहीं जुड़ सकी हैं। कांग्रेस ने सरकार से पूछा है कि आखिर इन महिलाओं को योजना का लाभ कब मिलेगा।

वृद्धा और परित्यक्ता महिलाओं के साथ भेदभाव का आरोप

कांग्रेस ने सरकार पर एक और गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि वृद्धा और परित्यक्ता पेंशन पाने वाली महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत केवल 500 रुपये दिए जा रहे हैं, जबकि उन्हें 1000 रुपये प्रति माह का लाभ मिलना चाहिए। कांग्रेस ने इसे महिलाओं के साथ भेदभाव बताते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

सरकार ने 66 लाख से ज्यादा महिलाओं के खातों में भेजे 626 करोड़ रुपये

वहीं, 11 जुलाई को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी की। सरकार के अनुसार, 66 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बन चुकी है। सरकार के मुताबिक, योजना के तहत अब तक 29 किस्तों में 18,805.83 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में भेजे जा चुके हैं।

क्या है महतारी वंदन योजना?

महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को की गई थी। इस योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। सरकार का दावा है कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिलने के साथ परिवार के पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कुपोषण और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिल रहा है।

फिलहाल कांग्रेस के आरोपों के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार इन आरोपों पर क्या जवाब देती है और लाभार्थियों की संख्या में आई कमी की वजह क्या बताती है।

 

Follow Us on Our Social Media

Shruti Jangde

With over 6 years of experience in the media industry, I specialize in news anchoring, copywriting, and digital journalism. I cover a wide range of news, delivering accurate, unbiased, and fact-based reporting. Passionate about bringing the truth to the public, I am committed to ethical journalism and credible storytelling. My goal is to inform, inspire, and make a meaningful impact through responsible reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button