National

संसद में आज NEET पर हंगामे के आसार, पेपर लीक पर नया बिल भी होगा पेश

दिल्ली। NEET पेपर लीक और छात्रों के प्रदर्शन पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई का मुद्दा सोमवार को संसद में गरमा सकता है। विपक्षी दल इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी में हैं। कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष दोनों सदनों में छात्रों पर कथित बल प्रयोग को उठाकर जवाबदेही तय करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी की मांग कर सकता है।

विपक्ष का आरोप है कि दिल्ली में छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने जरूरत से ज्यादा बल का इस्तेमाल किया। प्रदर्शन के दौरान आंसू गैस और कथित पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पैलेट गन इस्तेमाल किए जाने से इनकार किया है।

राहुल गांधी ने अमित शाह से पूछे सवाल

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह (NEET) को पत्र लिखकर छात्रों पर कार्रवाई को लेकर जवाब मांगा है। उन्होंने पूछा कि क्या शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ घातक हथियारों और पैलेट गन के इस्तेमाल की अनुमति दी गई थी। राहुल ने यह भी सवाल उठाया कि प्रदर्शन के दौरान सादे कपड़ों में छात्रों पर कार्रवाई करने वाले लोग कौन थे और उन्हें किसके आदेश पर तैनात किया गया था।

सरकार पेपर लीक पर लाएगी नया बिल

विपक्ष के हमले के बीच केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पेश करने जा रही है। यह विधेयक 2024 के कानून में संशोधन करेगा। सरकार का प्रस्ताव पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के मामलों में फास्ट-ट्रैक कोर्ट और कड़ी सजा का प्रावधान करने का है। विधेयक केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पेश करेंगे।

विपक्ष की कोशिश है कि NEET विवाद और छात्रों पर कार्रवाई का मुद्दा संसद में लगातार बना रहे। वहीं, सरकार नए कानून के जरिए परीक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक पर सख्ती को अपना प्रमुख पक्ष बना सकती है। ऐसे में मानसून सत्र के दूसरे सप्ताह की शुरुआत में संसद में सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button