CSK में बढ़ेगी एमएस धोनी की भूमिका, अगले कोच के चयन की मिल सकती है जिम्मेदारी

चेन्नई। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में महेंद्र सिंह धोनी की भूमिका और अहम हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रेंचाइजी उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी में है और अगले मुख्य कोच के चयन में भी उनकी अहम भूमिका हो सकती है।
रिपोर्ट के अनुसार, स्टीफन फ्लेमिंग के कोच पद छोड़ने के बाद नया कोच चुनने की प्रक्रिया में अंतिम फैसला धोनी की राय के आधार पर लिया जा सकता है। हालांकि, फ्रेंचाइजी की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मेंटॉर की भूमिका निभा सकते हैं धोनी
बताया जा रहा है कि यदि धोनी बतौर खिलाड़ी आईपीएल 2027 में नहीं खेलते हैं, तो CSK उन्हें मेंटॉर की जिम्मेदारी दे सकती है। सूत्रों के अनुसार, आधिकारिक पद हो या नहीं, टीम से जुड़े क्रिकेट मामलों में धोनी की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो सकती है।
फिलहाल खिलाड़ी के रूप में हैं टीम का हिस्सा
धोनी अभी भी CSK के खिलाड़ी हैं। फ्रेंचाइजी ने उन्हें आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले 4 करोड़ रुपये में अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में रिटेन किया था। आईपीएल 2026 में चोट के कारण वह कोई मैच नहीं खेल सके थे। अब आईपीएल 2027 में उनका खेलना या नहीं खेलना पूरी तरह उनके फैसले पर निर्भर करेगा।

